काली पट्टी बांधकर शिक्षकों ने जताया विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध
एटा : राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ की कार्यशैली और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान में हो रही देरी के विरोध में शुक्रवार को जेएलएन डिग्री कॉलेज के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने हुए सांकेतिक प्रदर्शन में शिक्षकों ने रम्पुटा की 11 सूत्रीय मांगों का समर्थन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिक्षकों ने स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में नकल पर प्रभावी अंकुश लगाने, परीक्षा कार्य के पारिश्रमिक और टीए-डीए का भुगतान करने, शीतकालीन अवकाश की तिथियों में संशोधन करने तथा महाविद्यालयों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा शिक्षक कल्याण कोष समिति की बैठक कराने, शोधार्थियों की समस्याओं का निस्तारण करने और डिजिटल मूल्यांकन के लिए उचित पारिश्रमिक निर्धारित करने सहित अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया।
साथ ही विश्वविद्यालय की फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों में शिक्षकों द्वारा सहभागिता नहीं करने का निर्णय भी लिया गया।शिक्षकों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षक हितों की रक्षा, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो रम्पुटा आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।
इस दौरान रम्पुटा कार्यकारिणी के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र, संजय यादव, डॉ. सर्वेंद्र कुमार, डॉ. बाबू लाल भारती, डॉ. रत्नेश मिश्र, आनंद कुमार सिंह, प्रमोद यादव, डॉ. जागृति और दिग्विजय सिंह मौजूद रहे।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.