विकसित भारत के संकल्प के साथ युवाओं ने दिया नशा-मुक्त भारत का संदेश

एटा : संविधान दिवस को लेकर आईटीआई कॉलेज में मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और नशा-मुक्त भारत के महत्व पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में युवा आइकन देवेश यादव ने विकसित भारत 2047 विषय पर प्रस्तुति देते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से निपटने में देश की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही स्वस्थ, सशक्त और नशा-मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति की क्षमता को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और देश की उत्पादकता के लिए भी गंभीर चुनौती है। विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेना होगा और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना होगा।
 उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सामूहिक रूप से संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम में युवाओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों, संवाद और चर्चाओं में सक्रिय सहभागिता की। उन्हें नशा-मुक्त भारत का संदेश अपने साथियों, परिवारों और समुदायों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। जिला युवा अधिकारी  उपासना सिरोही ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी, जिम्मेदार निर्णय और सामूहिक प्रयासों से ही पूरा हो सकेगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट वक्तव्य पर कई युवाओं को पुरुस्कृत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.