अवागढ़ के अश्वनी जैन का राज्य अध्यापक पुरस्कार में नामित होने पर कस्बे में हर्ष का माहौल
अवागढ़ : फिरोजाबाद के श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज के नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को मानविकी वर्ग में महामहिम राज्यपाल द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। अश्वनी कुमार जैन अवागढ़ कस्बे के मोहल्ला बोहरान निवासी अविनाश चन्द्र जैन एवं श्रीमती मिथलेश जैन के सुपुत्र है। उनकी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा अवागढ़ के जनता इंटर कॉलेज में हुई। उन्होंने इंटरमीडिएट 1995 में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अश्वनी कुमार जैन को यह पुरस्कार विद्यालय में अपने विषय में विद्यार्थियों के नामांकन बढ़ाने, नागरिक शास्त्र विषय को रुचिकर बनाने, उसमें नवाचार करने नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का निर्माण, संविधान प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज, संविधान पोस्टर प्रतियोगिता, पैनल बोर्ड से वीडियो के माध्यम से अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण, टीएलएम से विद्यार्थियों को अध्ययन, विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं में योगदान, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालक की भूमिका का निर्वहन, नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्राण्ड एम्बेसडर की भूमिका में स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन, वृक्षारोपण कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम, आजादी का अमृत महोत्सव, विद्यार्थियों को संसद, चुनाव आदि की जानकारी एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका प्रदान करने के लिए दिया गया है। उनके राज्य अध्यापक पुरस्कार में नामित होने के लिए कस्बे में अत्यंत हर्ष का माहौल है। सभी लोग उनके आवास पर उनके परिजनों को शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक, फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि जैन कई वर्षों से इस पुरस्कार के प्रतिभागी रहे, वह विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक भी हैं और उन्होंने अपने व जिले के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियां एवं गतिविधियां आयोजित की हैं। उनके द्वारा विद्यालय में सभी गतिविधियों में पूर्ण सक्रियता रहती है। जनपद में माध्यमिक शिक्षा विभाग से पहली बार राज्य स्तर पर शिक्षक का चयन हुआ है। यह जनपद के लिए गौरव का क्षण है।
अश्वनी कुमार जैन ने समस्त जनप्रतिनिधियों, समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक साथी, विद्यालय की प्रबन्ध समिति, का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि काम ही उनकी पहचान है।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.