शांति एवं सौहार्द के साथ संपन्न हुई ईद-उल-फितर की नमाज

जलेसर : रमजान माह के समापन के बाद जलेसर में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाह में पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज अदा की प्रातः 8:30 बजे शहर इमाम मोहम्मद असलम के सानिध्य में अदा की गई नमाज में नगर व आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं ईद से एक दिन पूर्व देर रात तक बाजारों में रौनक देखने को मिली। कपड़े, सेवईं और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। त्योहार के दिन सुबह से ही ईदगाह व आसपास क्षेत्रों में चहल-पहल बनी रही। नमाज के उपरांत दरगाह मैदान में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं दीं और आपसी सद्भाव का संदेश दिया सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीएम भावना विमल व कोतवाली प्रभारी संजय राघव ने पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कहीं कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रदुम्न कुमार सिंह, चौकी प्रभारी बृजमोहन सिंह अशोक सारस्वत , धीरज सिंह ,सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए भाईचारे का संदेश दिया।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.