जलेसर-सादाबाद मार्ग पर पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, एसडीएम ने परखी हकीकत

जलेसर :  तहसील क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को भी जलेसर-सादाबाद मार्ग स्थित विभिन्न पेट्रोल पंपों पर उपजिलाधिकारी भावना विमल ने पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और ईंधन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की बारीकी से जांच की। उन्होंने पंप संचालकों से आपूर्ति व्यवस्था, भंडारण क्षमता एवं वितरण प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की  एसडीएम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी जानकारी लेकर यह सुनिश्चित किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, एसडीएम भावना विमल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलायी जा रही भ्रामक सूचनाओं के कारण अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है। एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही बिना वजह पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगाएं। इससे न केवल व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि अनावश्यक परेशानी भी उत्पन्न होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और भविष्य में भी इसे बनाए रखने के लिए प्रशासन निरंतर निगरानी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से जहां आमजन में विश्वास बढ़ा है, वहीं अफवाह फैलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.