जलेसर में नवागत एसडीओ नवीन कुमार यादव ने संभाला कार्यभार, सख्त कार्यशैली के दिए संकेत
जलेसर : एसडीओ अजीत उपाध्याय का प्रमोशन होने पर वह लखनऊ स्थानांतरित हो गए, उसके बाद विद्युत निगम में नवागत एसडीओ के रूप में नवीन कुमार यादव ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे एटा जिला मुख्यालय से स्थानांतरित होकर जलेसर पहुंचे हैं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए। एसडीओ नवीन कुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बिजली चोरी पर रोक लगाने को लेकर विशेष अभियान चलाने की बात कही और चेतावनी दी कि इसमें लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। एसडीओ नवीन कुमार यादव इससे पहले एटा के अलावा मुरादाबाद और सम्भल जनपद में भी एसडीओ के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाने वाले नवीन कुमार यादव मूल रूप से बिहार के गया जनपद के निवासी हैं।
नवागत एसडीओ के आगमन से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दौरान अवर अभियंता विवेक भारती, बेरनी सब स्टेशन के अवर अभियंता जितेन्द्र पटेल, पटना के अवर अभियंता घमंडी सिंह, शमीम आदि मौजूद थे।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.