परीक्षा फल मिलते ही खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे, समारोह में जनप्रतिनिधियों का सम्मान
जलेसर : नगर के श्री जी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक परीक्षा फल वितरण समारोह धूमधाम एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक संजीव दिवाकर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी आगामी सत्र में और अधिक मेहनत कर विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों से शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। भाजपा जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर नामित अमित गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार वार्ष्णेय, सभासद सोनू सर्राफ, विराट जैन, जयपाल कुशवाहा, भाजपा नेता पम्मी ठाकुर सहित योगेश प्रताप सिंह (भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश अध्यक्ष) समेत अन्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह व रामनवमी दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में डॉ. ब्रजमोहन गुप्ता, कप्तान मुन्ने खान, अरविंद कुमार दीक्षित, संतोष कुमार गर्ग, अंकुश कुमार गुप्ता, रामवीर सिंह, प्रतीक गुप्ता, आर.डी. जाटव, मीनाक्षी वार्ष्णेय, शीतल वार्ष्णेय, अर्चना दीक्षित, श्वेता सिंह सहित सैकड़ों अभिभावक एवं नगर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का उत्साह भर दिया।
रिपोर्टर : लखन


No Previous Comments found.