भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से संपन्न
जलेसर : नगर में जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया कार्यक्रम की शुरुआत शेरगंज स्थित श्री अजितनाथ जिनालय में भगवान अजितनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुई। प्रथम अभिषेक का सौभाग्य आशीष कुमार जैन व अंजलि जैन को प्राप्त हुआ, जबकि शांतिधारा का पुण्य लाभ मधु जैन एवं राजा जैन ने लिया। इसके उपरांत भगवान की पूजन-अर्चना कर महावीर स्वामी की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया।
प्रभात फेरी के रूप में निकली शोभायात्रा बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ मुख्य बाजार से होकर श्री चमत्कारी पार्श्वनाथ जिनालय पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। दोपहर 12:30 बजे भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ, जो महावीर गंज, मंडी जवाहरगंज, नाला बाजार, बड़ा बाजार एवं पोस्ती खाना होते हुए पुनः श्री अजितनाथ जिनालय पर संपन्न हुई। रथयात्रा में सारथी अमित मयंक जैन, खजांची दीपक जैन, खबासी देवेंद्र जैन तथा इंद्र के रूप में विदित जैन, विवेक जैन, वात्सल्य जैन एवं ईवाशु जैन ने आकर्षक भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर पुनः अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद सकल जैन समाज द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के अंत में भगवान की मंगलमय आरती, विभिन्न धार्मिक प्रतियोगिताएं एवं पालना झूलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पूरे आयोजन में जैन समाज के महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नगर में धार्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.