बारिश से खेतों में भीगी फसल, एटा के किसानों पर संकट
एटा- जिले में मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आसमान में छाए बादलों और रुक-रुक कर हो रही बारिश से खेतों में खड़ी और कटी फसलें भीग रही हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
इन दिनों गेहूं सहित रबी फसलों की कटाई का समय चल रहा है, लेकिन बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पड़ी फसल भीगने से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ उत्पादन में भी गिरावट की आशंका जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द मौसम साफ नहीं हुआ तो भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई किसानों ने प्रशासन से फसलों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम साफ होते ही फसल की कटाई व सुरक्षित भंडारण करें, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। फिलहाल, लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और सभी की निगाहें अब साफ मौसम पर टिकी हैं।

No Previous Comments found.