पंचायत चुनाव समय पर कराने या प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग
एटा : अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने पंचायत चुनाव समय से कराए जाने की मांगी की हैं अथवा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है, ज्ञापन एटा के डीएम प्रेम रंजन सिंह को सौंपा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव ने ज्ञापन एमएलसी आशीष यादव को भी सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कहा कि प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त होने जा रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए समय पर चुनाव कराना संभव नहीं लग रहा है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि यदि निर्धारित समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते और ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं, तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होगी। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए बताया कि उस समय पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति के दौरान वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आई थीं, जिससे ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम प्रधान सीधे जनता से जुड़े हुए जनप्रतिनिधि होते हैं और वे अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ संचालित करते हैं। ऐसे में उन्हें हटाकर प्रशासक नियुक्त करना जनभावनाओं के विपरीत होगा। संगठन ने अन्य राज्यों जैसे बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं उत्तराखंड का हवाला देते हुए कहा कि वहां समान परिस्थितियों में जनप्रतिनिधियों को कार्य करने का अवसर दिया गया है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था बनी रही। अंत में संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए या तो पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएं अथवा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया जाए। इस अवसर पर प्रधान संघ जिला अध्यक्ष विनय यादव, राजेंद्र सिंह प्रधान जिला अध्यक्ष, मनोज यादव प्रधान जिला महासचिव, सर्वेंद्र यादव प्रधान जिला उपाध्यक्ष, नाथूराम वर्मा, सत्येंद्र सिंह, बबीता, किरण देवी, पिंकी देवी, भानु प्रताप प्रधान, विजय यादव, राजेश कुमार, ओम प्रताप सिंह, प्रधान मौजूद रहे।
रिपोर्टर : लखन यादव


No Previous Comments found.