ब्लॉक प्रमुख की मां का 98 साल की उम्र में निधन,सात पीढ़ियों को देखने का सौभाग्य प्राप्त;बैंड-बाजों के साथ दी अंतिम विदाई

एटा : जलेसर ब्लाक प्रमुख एवं भाजपा नेता अशोक यादव की माताजी के निधन से जलेसर क्षेत्र सहित पूरे एटा जिले में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही जलेसर स्थित माधव नगर के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक के लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।  

मृतका की आयु लगभग 98 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार उन्होंने अपने जीवनकाल में सात पीढ़ियों को देखा। बेटे-पोतों से लेकर परपोते-परपोतियों तक का सुख उन्हें मिला, जिसे क्षेत्र के बुजुर्ग अत्यंत सौभाग्यशाली मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी आयु पाना और सात पीढ़ियों का साथ देखना बहुत कम लोगों के नसीब में होता है। इसे लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा रही।  

 अंतिम यात्रा माधव नगर स्थित आवास से शुरू हुई। अंतिम यात्रा में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पूरा ध्यान रखा गया। बैंड-बाजों की धुनों के बीच फूलों से सजी पालकी में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। रास्ते भर 'राम नाम सत्य है' के उद्घोष गूंजते रहे। यात्रा में जलेसर नगर के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे वातावरण में भावुकता और श्रद्धा का माहौल बना रहा। कई बुजुर्गों की आंखें नम हो गईं।  

अंतिम संस्कार के बाद शुक्रवार शाम माधव नगर में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि माताजी सरल स्वभाव की थीं और हमेशा परिवार को जोड़कर रखने में विश्वास करती थीं। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।  

शोक सभा में ब्लाक प्रमुख अशोक यादव के साथ जिला पंचायत सदस्य मुकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकिशन यादव, ममता कॉलेज के प्रबंधक जितेंद्र यादव, दामोदर यादव, सतेंद्र यादव, सुरेश चंद्र यादव, नगवाईं के प्रधान देवेश यादव, प्रधान राकेश यादव, प्रधान मुकेश बघेल, प्रधान सुमित सेन सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष, विभिन्न ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में मातृशक्ति भी श्रद्धांजलि देने पहुंची।  

परिजनों ने बताया कि माताजी पिछले कुछ समय से वृद्धावस्था के कारण अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पांच पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पूरा परिवार खेती और सामाजिक कार्यों से जुड़ा है। ब्लाक प्रमुख अशोक यादव क्षेत्र के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं, इसलिए उनके घर पर सुबह से ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा।  

स्थानीय लोगों ने बताया कि माताजी धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। वह रोजाना मंदिर जाती थीं और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती थीं। उनके निधन से जलेसर क्षेत्र ने एक बुजुर्ग मार्गदर्शक को खो दिया है। शोक सभा के अंत में परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।  

क्षेत्र में शोक के कारण कई स्थानों पर व्यापारिक प्रतिष्ठान भी दोपहर बाद बंद रहे। लोगों ने अपनी-अपनी तरह से उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.