संतोष यादव के प्रार्थना पत्र का दिया हवाला, लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का तर्क
एटा : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पंचायत चुनाव समय से कराने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव समय पर नहीं हो पाते तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल विस्तार किया जाए। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री का ध्यान अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव द्वारा भेजे गए प्रार्थना पत्र की ओर आकर्षित किया है। पत्र में क्या कहा
बीजेपी जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने लिखा कि संतोष यादव के संलग्न प्रार्थना पत्र का अवलोकन करने की कृपा करें। उसमें लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा हेतु पंचायत चुनाव समय से कराये जाने, अन्यथा की स्थिति में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल विस्तार किये जाने का अनुरोध किया गया है। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संलग्न प्रार्थना पत्र में वर्णित तथ्यों एवं पूर्व अनुभवों को दृष्टिगत रखते हुए जनहित में निर्णय लेने की कृपा करें। प्रदेश में ग्राम पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल इसी माह समाप्त हो रहा है। 20 मई को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में अखिल भारतीय प्रधान संगठन का विशाल महासम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें कार्यकाल विस्तार समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आगे की रणनीति बनेगी। संगठन ने पहले ही मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और सभी संबंधित मंत्रियों को मांग पत्र भेजा है। भाजपा जिलाध्यक्ष का पत्र सामने आने के बाद प्रधानों की मांग को सत्ताधारी दल के अंदर से भी समर्थन मिलता दिख रहा है। अब सभी की निगाहें सरकार के फैसले पर टिकी हैं कि चुनाव समय पर होंगे या प्रधानों को कार्यकाल विस्तार मिलेगा। इस क्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव ने एटा में विधायक सदर विपिन वर्मा डेविड और विधायक वीरेंद्र लोधी को भी ज्ञापन सौंपा हैं।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.