नगला सुखदेव में 21 मई से गूंजेगी श्रीराम कथा, 30 मई को होगा विशाल भंडारा
जलेसर : तहसील क्षेत्र के नगला सुखदेव स्थित श्री देवलोक धाम मंदिर में 21 मई से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के संयोजन में आयोजित होने वाली इस कथा का समापन 30 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 21 मई, गुरुवार को दोपहर 1 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक श्रद्धालु श्रीराम कथा का रसपान कर सकेंगे। कथा वाचन बरसाना स्थित मान मंदिर के पूज्य श्री भक्तशरण जी महाराज करेंगे, जो अपनी मधुर वाणी और आध्यात्मिक प्रवचनों के लिए देशभर में विख्यात हैं। बताया गया है कि पूज्य भक्तशरण जी महाराज, परम पूज्य श्री रमेश बाबा जी महाराज के कृपा पात्र एवं विरक्त संत हैं। उनके प्रवचनों में भक्ति, मर्यादा, धर्म और मानव जीवन के आदर्शों का सुंदर समावेश देखने को मिलता है। कथा के दौरान श्रीरामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, त्याग, मर्यादा और धर्म के संदेश को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा। आयोजक भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कथा आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता है। श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सत्य, सेवा और सदाचार की प्रेरणा देने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि 30 मई, शनिवार को कथा की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। कथा स्थल श्री देवलोक धाम मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शीतल जल, प्रकाश व्यवस्था और वाहन पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ग्रामीण क्षेत्रों में कथा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आसपास के गांवों में घर-घर पीले चावल देकर लोगों को निमंत्रण दिया जा रहा है। महिलाएं मंगल गीत गा रही हैं और युवाओं द्वारा आयोजन की तैयारियों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया जा रहा है। गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। धर्मप्रेमियों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। श्रीराम कथा के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आदर्शों और नैतिक मूल्यों की जानकारी मिलती है। क्षेत्र के बुजुर्गों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक जागरूकता का महत्वपूर्ण प्रयास बताया है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। समिति का कहना है कि कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
नगला सुखदेव में आयोजित होने जा रही इस श्रीराम कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल दिखाई दे रहा है। गांव की गलियों से लेकर मंदिर परिसर तक हर ओर धार्मिक उत्साह नजर आ रहा है। श्रद्धालु बेसब्री से कथा आरंभ होने का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्टर : लखन यादव


No Previous Comments found.