सीसीटीवी की निगरानी में डीएलएड परीक्षा शुरू

एटा : जिले में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा बुधवार को सीसीटीवी की निगरानी में शुरू हो गई। परीक्षा में 5620 एटा तथा कासगंज जिले के पंजीकृत प्रशिक्षु सम्मिलित हो रहे हैं। शांतिपूर्ण तथा नकल विहीन परीक्षा के लिए पहले दिन ही हर केंद्र पर कड़ी निगरानी रही। खुद उप शिक्षा निदेशक डायट ने केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया तथा आगामी परीक्षाओं को शासन की मंशा के अनुरूप करने के निर्देश केंद्र व्यवस्थापकों को दिए। 
यहां बता दें कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज द्वारा डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर तथा चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। इसी के अनुरूप एटा तथा कासगंज जिले के लिए एटा में 20 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए। द्वितीय सेमेस्टर के तहत राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एटा, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज, अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, प्रिंटर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीजीआईसी लालगढ़ी, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज, दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल जिरसमी, किसान इंटर कॉलेज धीरामई, कोमल सिंह इंटर कॉलेज हिम्मतपुर तथा भारती इंटर कॉलेज न्योराई आदि केंद्र पर शुरू हुई। पहले दिन दो पाली में  परीक्षा हुई।परीक्षा के दौरान सभी केंद्र पर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे के जरिए नियुक्त पर्यवेक्षक द्वारा निगरानी की गई। परीक्षार्थियों को परीक्षा से एक घंटा पहले प्रवेश दिया गया। उधर उप शिक्षा निदेशक डाइट दिनेश कुमार ने दोनों पाली में परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। परीक्षा प्रभारी डायट प्रवक्ता नवनीत शर्मा तथा पटल सहायक चेतन सोलंकी ने बताया कि दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा 15 मई तक तथा इसके बाद चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा होंगी।

402 प्रशिक्षु रहे अनुपस्थित 

सभी परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में 402 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पंजीकृत 5620 के सापेक्ष 5218 प्रशिक्षु उपस्थित रहे। दूसरी पाली में 376 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.