सरस्वती विद्या मंदिर के शुभ गुप्ता ने किया एटा जिला टॉप
एटा : मेधावियों ने छू लिया आसमां, रिजल्ट देख खुशी से उछले मेधावी दूसरे स्थान पर रहे दून स्कूल के तन्मय तथा जीडी इंटरनेशनल स्कूल की काजल, संयुक्त रूप से शनि उत्कर्ष तथा अनुष्का ने पाया जिले में तीसरा स्थान एटा : सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन ने लंबे इंतजार के बाद बुधवार दोपहर को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस बार 12वीं में सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र शुभ गुप्ता ने 98.4 प्रतिशत अंक पाकर जिला टाप किया है। 96.2 प्रतिशत अंक पाकर दून पब्लिक स्कूल के तन्मय वार्ष्णेय तथा जीडी इंटरनेशनल स्कूल अलीगंज की काजल सिंह ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया है। जिले में तीसरे स्थान पर 96 प्रतिशत अंकों के साथ सेंट पॉल'एस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सनी यादव, लिमरा इंटरनेशनल स्कूल की अनुष्का यादव तथा धुमरी पब्लिक स्कूल के मेधावी उत्कर्ष शाक्य रहे हैं। परीक्षाफल देखने के बाद मेधावी उछल पड़े।
यहां बता दें कि सीबीएसई 10वीं का परीक्षाफल पिछले महीने ही सबसे पहले घोषित किया गया। इसके बाद यूपी बोर्ड, सीएससीई का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सीबीएसई 12वीं के परीक्षार्थियों को भी रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार था। मंगलवार की शाम को भी परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की इंटरनेट मीडिया से मिलती रही जानकारी के बाद देर रात तक परीक्षार्थी बेसब्री से परिणाम घोषित होने का इंतजार करते रहे लेकिन परिणाम घोषित नहीं हुआ। बुधवार को प्रणाम घोषित होने की उम्मीद पूरी होती नजर आई जब दोपहर बाद रिजल्ट घोषित कर दिया गया। हालांकि स्कूलों का अवकाश उसे समय तक हो चुका था फिर भी सीबीएसई के स्कूलों को जानकारी मिलने के बाद वेबसाइड पर परिणाम आना शुरू हो गया। तमाम परीक्षार्थी और अभिभावक अपने घर पर ही मोबाइल द्वारा रिजल्ट देखने में जुट गए। 12वीं के रिजल्ट की जानकारी होते ही परीक्षार्थी खुशी से उछल पड़े। इस बार 12वीं का परिणाम कम रहने से काफी विद्यार्थियों को मायूषी हाथ लगी। फिर भी सफल हुए विद्यार्थियों की खुशी देखते ही बनी जैसे उन्होंने अपने मेहनत के बल पर आसमान छू लिया हो। छात्र-छात्राएं एक दूसरे का रिजल्ट जानकर भी आपस में बधाई देते और खुशी मनाते नजर आए। स्कूलों ने भी जल्दी से जल्दी अपने मेधावियों को बुलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूलों में सफलता की खुशी का जश्न और गुरुजनों का आशीर्वाद देने का सिलसिला शाम तक चला।
2506 परीक्षार्थी थे परीक्षा में पंजीकृत
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में इस बार जिले के 30 विद्यालयों के 2606 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इन परीक्षार्थियों में 2580 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। हालांकि बोर्ड द्वारा जिले का संयुक्त प्रतिशत शाम तक घोषित नहीं किया गया लेकिन परिणाम के आधार पर इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले के उत्कृष्ट 10 छात्र छात्राओं की सूची में भी 50 प्रतिशत बालिकाएं शामिल रही हैं।
विज्ञान पर हावी रहे वाणिज्य और कला वर्ग के विद्यार्थी
सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणाम में इस बार विज्ञान वर्ग के विद्यार्थी प्रतिशत तथा परीक्षा फल के मामले में पिछड़ते नजर आए हैं। उत्कृष्ट विद्यार्थियों की सूची के अलावा कुल परीक्षाफल में वाणिज्य वर्ग तथा कला वर्ग के विद्यार्थी भारी पड़े हैं। पिछली सालों विज्ञान वर्ग का वर्चस्व इस बार कम हुआ है।
पहली बार हुआ था डिजिटल मूल्यांकन
सीबीएसई द्वारा पहली बार 12वीं के परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इस बार डिजिटल तरीके से कराया गया था। डिजिटल मूल्यांकन से भले ही बोर्ड ने बेहतर कार्य का प्रस्तुतीकरण किया लेकिन कुछ परीक्षार्थी अपने अंको को कम रहने के पीछे डिजिटल मूल्यांकन की खामियां बताते भी नजर आए।
सीबीएसई 12वीं के टाप 10 विद्यार्थी
शुभ गुप्ता - 98.4 - सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल
तन्मय वार्ष्णेय - 96.2 - दून पब्लिक स्कूल एटा
काजल सिंह - 96.2 - जीडी इंटरनेशनल स्कूल अलीगंज
सनी यादव - 96 - सेंट पाल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एटा
उत्कर्ष शाक्य - 96 - धुमरी पब्लिक स्कूल धुमरी
अनुष्का यादव - 96 - लिमरा इंटरनेशनल स्कूल एटा
समर्थ गुप्ता - 95.8 - सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल
आयुष शाक्य - 95.6 - सरस्वती विद्या मंदिर
अलीशा - 95.2 - जवाहर नवोदय विद्यालय एटा
प्रतिभा यादव - 95 - ट्यूलिप स्कूल एटा
काजल वर्मा - 95 - डा. लोकमन दास पब्लिक स्कूल
सीबीएसई 12 : टापर्स की बात
चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना शुभ गुप्ता का लक्ष्य
12वीं के जिला टापर सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र शुभ गुप्ता ने भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने कॉल लक्ष्य निर्धारित किया है। 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की उपलब्धि कड़ी मेहनत से प्राप्त की है। शहर के मोहल्ला शिवगंज निवासी ठेकेदार अवधेश गुप्ता तथा ग्रहणी प्रीति गुप्ता के होनहार पुत्र ने चार विषयों में 99 अंक पाए हैं। पढ़ाई के साथ क्रिकेट खेलने का शौक है। वहीं पांच घंटे रोज स्कूल से अलग पढ़ाई की। वह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर करने की उनकी कला उन्हें प्रेरित करती है।किसी भी काम के लिए लगन उन्हीं से सीखी।
धार्मिकता में भी विश्वास रखते हैं तन्मय
सीबीएसई 12वीं में जिले के दूसरे टॉपर दून पब्लिक स्कूल के छात्र तन्मय वार्ष्णेय भविष्य में डॉक्टर बनकर अपने माता-पिता के सेवा व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगे। शहर के कासगंज रोड आईटीआई निवासी डॉक्टर ललित वार्ष्णेय तथा मां डॉक्टर नूतन पहले से चिकित्सा सेवा में सेवारत है। रोज 6 से 7 घंटे पढ़ाई करते हुए सफलता पाने वाले तन्मय को पढ़ाई के साथ-साथ मूवी देखना भी काफी पसंद है। कंप्यूटर के पेपर में पूरे 100 अंक प्राप्त किए हैं। तन्मय धार्मिक पुस्तकों में रुचि के साथ-साथ ईश्वरवादी है। धार्मिकता में भी काफी विश्वास रखने के साथ-साथ सफलता के लिए कर्म और कड़ी मेहनत को प्रमुख मानते हैं।
प्रोफेसर बनना चाहती हैं काजल सिंह
96.2 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली काजल सिंह ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रोफेसर बनकर शैक्षिक उत्कृष्ट में योगदान का मन बनाया है। अलीगंज के मोहल्ला गुलाम हैदर निवासी अधिवक्ता विक्रम सिंह यादव तथा रीता देवी की पुत्री ने कला वर्ग से सफलता पाई है। वह राजनीति विज्ञान में एचडी के साथ-साथ प्रोफेसर बनने का निर्णय ले चुकी हैं। उन्हें अपनी किताबों के साथ-साथ उपन्यास पढ़ना भी बेहद पसंद है। मुंशी प्रेमचंद सहित अन्य लेखकों के उपन्यास पड़ती है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को वह रोल मॉडल मानती हैं। 5 घंटे पढ़ाई के साथ मोबाइल से दूरियां बनाई।
चिकित्सक बनकर समाजसेवा उत्कर्ष का ध्येय
12वीं के तृतीय टापर धुमरी पब्लिक स्कूल के छात्र उत्कर्ष शाक्य भविष्य में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर डाक्टर बनकर समाजसेवा करना चाहते हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में एसआरजी विपिन शाक्य के छोटे पुत्र शुरू से पढ़ने में मेधावी रहे तथा विज्ञान में अधिक रुचि होने के कारण इंस्पायर योजना के तहत उनके प्रोजेक्ट प्रदेश स्तर तक चयनित हुए। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं। पढ़ाई के साथ वैज्ञानिक प्रोजेक्ट एवं माडल तैयार करने में खासी रुचि है। भौतिक विज्ञान उनका चहेता विषय है।
आईएएस बनना चाहती हैं अनुष्का यादव
जिला टॉपर सूची में तीसरा स्थान पाने वाली लिमरा इंटरनेशनल स्कूल की छात्र अनुष्का यादव दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स के साथ भविष्य में यूपीएससी के जरिए आईएएस बनना चाहती हैं। आगरा रोड निवासी भारतीय सेवा से सेवानिवृत अशोक कुमार तथा शिक्षामित्र मां निर्मला की पुत्री को पढ़ाई के साथ-साथ बैडमिंटन व अन्य खेलों में भी काफी रुचि है तथा खेल प्रतियोगिताओं में भी मेडल पाती रही है। वह पूर्व आईएएस सृष्टि जैन देशमुख को अपना प्रेरणा स्रोत मानती हैं।
विराट कोहली के दीवाने हैं समर्थ गुप्ता
सरस्वती विद्या मंदिर के टॉपर समर्थ गुप्ता पढ़ाई में बेहतर होने के साथ खेलों में भी रुचि रखते हैं। विजयनगर कॉलोनी ठंडी सड़क निवासी समर्थ भविष्य में भले ही चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहते हैं लेकिन क्रिकेट प्रेमी होने के साथ वह महान बल्लेबाज विराट कोहली के भी दीवाने हैं। व्यवसाई धीरज गुप्ता तथा ग्रहणी शालिनी के पुत्र कहते हैं कि देश की आर्थिक व्यवस्था में वह चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर योगदान देना चाहते हैं। वह डीएम अरविंद सिंह से प्रेरित है। स्वामी विवेकानंद को प्रेरणा स्रोत मानते हैं।
सीबीएसई रिजल्ट
कम अंक आए तो निराश न हों, और करें मेहनत
सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन 12वी के परीक्षा परिणाम के बाद खुशी के मध्य कई विद्यार्थी निराश में है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि हताश न हो और आगे भी और मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें।
अंक कम आएं तो हिम्मत मत हारो, ये अंत नहीं, शुरुआत है।रिजल्ट से पहचान मत तय करो। बोर्ड परीक्षा शिक्षा की राह में सिर्फ एक पड़ाव है। अभिभावकों को बच्चों पर अंकों का दबाव नहीं डालना चाहिए।कम अंक आएं तो उम्मीद करें कि सुधार की गुंजाइश है, न कि इसे हार मानने की वजह समझा जाए। अभिभावक बच्चों के सहयोगी बने।
राजीव गुप्ता सिटी कोऑर्डिनेटर सीबीएसई, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल एटा
मेहनत का रास्ता हमेशा खुला है। अगर उम्मीद से कम नंबर आए हैं तो सीबीएसई रीचेकिंग का ऑप्शन देता है। एक-दो विषय में रह गए तो कंपार्टमेंट देकर साल बचा सकते हो। फोकस हताशा पर नहीं आगे मेहनत कर सफलता पर करो। कमजोर विषयों को पहचानो और उस पर ज्यादा समय दो। दोस्तों से तुलना बंद करो। छोटी-छोटी जीत से आत्मविश्वास बढ़ेगा।मानसिक रूप से मजबूत रहना सीखो।
नवीन कांत गोयल डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर सीबीएसई, प्रधानाचार्य प्रेम पब्लिक स्कूल जलेसर
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.