हिनौना में चकबंदी अनियमितताओं पर ग्रामीणों की सुनवाई

हिनौना में चकबंदी अनियमितताओं पर ग्रामीणों की सुनवाई, 20 दिन में समाधान का आश्वासन

अवागढ़- ग्राम पंचायत हिनौना में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी एटा को दिए गए दस सूत्रीय ज्ञापन के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित कमेटी गुरुवार को गांव पहुंची और कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी राकेश मौर्य के नेतृत्व में गठित समिति में एसओसी भवानी दीन वर्मा, सीओ चकबंदी रणवीर सिंह तथा मनोज कुमार को शामिल किया गया था। टीम ने ग्राम हिनौना पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और मौके पर शिकायतों का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चकबंदी में आबादी की भूमि गांव से काफी दूर छोड़ी गई है। इसके अलावा अंबेडकर पार्क की भूमि को सामान्य वर्ग में दर्शा दिया गया तथा मरघट की भूमि पानी भरे गड्ढे के पास छोड़ दी गई है। ग्रामीणों ने इसके अतिरिक्त सात अन्य समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
पूर्व विधायक कुबेर सिंह अगरिया ने अधिकारियों से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने 20 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। शिकायत करने वालों में रामप्रकाश, विजय कुमार उपाध्याय, मोहन लाल पूर्व प्रधान, जोधपाल सिंह, महावीर सिंह, मुन्नालाल जाटव, मुरारी लाल, गयाप्रसाद एवं रविकांत प्रताप सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.