प्रधान व सफाईकर्मी ने नहीं सुनी तो ग्रामीणों ने खुद उठाई झाड़ू

एटा : जिले के विकासखंड जलेसर की ग्राम पंचायत मुडई प्रहलाद नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीते कई माह से गांव में सफाई कार्य न होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ था। ग्राम प्रधान एवं सफाई कर्मचारियों से शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर ग्रामीणों ने खुद सफाई का जिम्मा उठाया।  

महामारी के डर से उठाया कदम  
समाजसेवी विशाल लोधी ने बताया कि महीनों से ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से सफाई कराने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव में गंदगी के कारण महामारी फैलने का खतरा बढ़ रहा था। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने एकजुट होकर खुद नाली-गलियों की सफाई शुरू कर दी।  

चर्चा का विषय बना ग्रामीणों का प्रयास  
ग्रामीणों द्वारा खुद सफाई करने का मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर सफाई के लिए बजट आने के बावजूद गांव की सफाई नहीं कराई जा रही है। गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।  

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में नियमित सफाई कराने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर  : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.