सेवा कार्यों को अधिक कुशल, संगठित एवं प्रभावी बनाने का संकल्प
एटा : सेवा भारती ब्रज प्रान्त के तत्वावधान में सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी एवं संगठित बनाने के उद्देश्य से रेलवे मार्ग स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग एवं वार्षिक योजना बैठक का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान ब्रज प्रांत के पदाधिकारी ने आगामी योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन किया वहीं सेवा कार्यों को और बेहतर ढंग से संचालित करने का संकल्प दिलाया।
प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम जी ने सेवा कार्यों की आवश्यकता, उनके प्रभावी संचालन तथा प्रशिक्षण वर्गों की उपयोगिता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सेवा के माध्यम से बस्ती परिवर्तन का कार्य गति देने तथा आगामी वर्ष की योजनाबद्ध कार्ययोजना बनाकर सेवा विस्तार का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय सेवा भारती के वैभव आयाम प्रमुख, विनोद मोहिने, किशोरी विकास सह-आयाम प्रमुख सुरभि सिंह, वैभव श्री सह-आयाम प्रमुख मंजूषा देशमुख तथा प्रान्त की विभिन्न आयाम प्रमुख बहनों ने ब्रज प्रान्त के सभी जिलों एवं महानगरों से आए आयाम प्रमुखों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सेवा भारती के विविध आयामों के माध्यम से सेवा कार्यों को अधिक कुशल, संगठित एवं प्रभावी बनाना रहा।
वार्षिक योजना बैठक में गत वर्ष के सेवा कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष के सेवा विस्तार, नई योजनाओं एवं संगठनात्मक कार्यों पर विस्तृत विचार-विमर्श कर कार्ययोजना तैयार की गई।
प्रशिक्षण वर्ग में प्रान्त सेवा प्रमुख मदन लाल जी, प्रान्त उपाध्यक्ष वीरेन्द्र वार्ष्णेय तथा प्रान्त सह-मंत्री संजय शर्मा का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
एटा जिले से विभाग सेवा प्रमुख नारायण सिंह वर्मा, विभाग मंत्री रामवीर धनगर, सह विभाग मंत्री राकेश आर्य, विभाग अध्यक्ष विनीता राठौर, जिला सेवा प्रमुख विकास चौधरी, जिला सामाजिक आयाम प्रमुख राजकुमारी सीमा वार्ष्णेय, जिला संरक्षक डीएस वर्मा, जिलाध्यक्ष सुशील कुमार वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष जगपाल सिंह, जिला मंत्री राजवीर सिंह ,जिला उपाध्यक्ष नीलम चौहान, सदस्य रीता गुप्ता, निधि भट्ट, आरती शर्मा सहित समस्त कार्यकारिणी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.