एनएचएम कर्मचारियों ने दिया धरना, उठाई मांगे
एटा : संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना देकर आवाज उठाई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश भर में मिशन कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोविड-19 महामारी सहित विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में इन कर्मचारियों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया, किंतु आज भी उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सुविधाएं एवं सुरक्षा प्राप्त नहीं है।
मांग उठाई कि स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन की भर्ती एवं रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई की जाए।
संविदा कर्मचारियों के लिए वेतन विसंगतियों को दूर कर समान एवं न्यायसंगत वेतन नीति लागू करने,वर्ष 2018 से बंद स्वास्थ्य बीमा योजना को पुनः लागू करने के अलावा ईपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ सभी कर्मचारियों को प्रदान की जाए।
संगठन ने स्थानांतरण एवं समायोजन की पारदर्शी नीति लागू करने, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं सेवा सुरक्षा नीति बनाये जाने सहित
उपस्थिति प्रबंधन प्रणाली की वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर कर्मचारियों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने को भी जरूरी बताया। 10 से 15 वर्ष पुराने अनुभवी कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने हेतु नियमितीकरण अथवा समायोजन की नीति बनाने की भी मांग उठी।
संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान केवल कर्मचारियों के हित में ही नहीं बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक है। यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से अपना आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने धरना स्थल पर पहुंच कर मनोबल बढ़ाया और मांगे प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से डॉ मनमोहन सिंह जिलाध्यक्ष, विजय पाठक महामंत्री,सोवरन सिंह जिला महामंत्री भारतीय मजदूर संघ,डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ कुलदीप पांडे,
डॉ. सुमेधी, नंदिनी,
अजब सिंह,यतींद्र कुमार
शैली, हर्ष,
डॉ.अर्चना पाठक, पंकज कुमार, अली हसन, डॉ. मेघेश यादव,डॉ. अर्चना पाठक,डॉ. दुर्गेश नंदिनी,
रतन सिंह,अखिलेश,
पूनम यादव,
सुधीर सिंह आदि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.