भीषण गर्मी के बीच उमड़ा आस्था का सैलाब, जलेसर की शनिचर जात में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

जलेसर/एटा : घुंघरू-घंटी की नगरी जलेसर में आषाढ़ मास के दूसरे शनिवार को आयोजित होने वाली प्रसिद्ध शनिचर की जात में भीषण गर्मी के बावजूद आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अनुमानित एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने छोटे मियां-बड़े मियां के दरबार में पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रशासन की व्यापक तैयारियों और भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

जलेसर में प्रत्येक शनिवार को छोटे मियां-बड़े मियां की जात के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन आषाढ़ मास के शनिवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंच गई। श्रद्धालुओं का आगमन शुक्रवार देर रात से ही शुरू हो गया था और शनिवार रात 12 बजे के बाद से पूजा-अर्चना का क्रम लगातार चलता रहा।

सुबह लगभग नौ बजे तक व्यवस्थाएं सामान्य रहीं, लेकिन श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ के कारण बाईपास मार्ग, आवागढ़ रोड और ईसौली रोड पर भारी जाम लग गया। करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिसके चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन ने यातायात को सुचारु कराने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपजिलाधिकारी पीयूष रावत, क्षेत्राधिकारी पुलिस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह तथा कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित स्वयं लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए।

प्रशासन की सतर्कता का असर यह रहा कि पूरे आयोजन के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। जेबतराशी, मोबाइल चोरी या झपटमारी जैसी घटनाएं भी नहीं हुईं, जबकि पूर्व वर्षों में ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आती रही थीं। शांतिपूर्ण आयोजन के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.