संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसएसपी ने सुनीं जन शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
एटा : तहसील सदर परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, उनका मौके पर जाकर शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें समाधान से संतुष्टि प्राप्त हो।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
रिपोर्टर : लखन यादव
No Previous Comments found.