युवक की संदिग्ध मौत के मामले में रश्मि से पूछताछ
अवागढ़ : थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में युवक दीपक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के अगले दिन पुलिस ने मृतक के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर रश्मि को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं, पुलिस और एटा से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने दुकान खुलवाकर घटनास्थल और आसपास से साक्ष्य एकत्रित किए। सर्विलांस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई है।
गौरतलब है कि अवागढ़ के मोहल्ला खिड़की निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पुत्र दीपक कुमार की लोहा मंडी मुख्य बाजार निवासी पूरन सिंह और उनकी पत्नी रश्मि के साथ कपड़े की दुकान में साझेदारी थी। पिता के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात दीपक दुकान पर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। बाद में वह रश्मि की दुकान पर बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे उपचार के लिए आगरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ने बेटे की गर्दन पर चोट के निशान होने और मोटरसाइकिल गायब होने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.