बीज दुकानों पर छापेमारी, गेहूं समेत विभिन्न बीजों के नमूने लिए
एटा : रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सदर, जलेसर और अलीगंज तहसील में बीज विक्रय प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गेहूं सहित विभिन्न बीजों के नमूने लिए गए। वहीं, अनियमितताएं मिलने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
जलेसर में एसडीएम पीयूष रावत और जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह की संयुक्त टीम ने विभिन्न बीज दुकानों का निरीक्षण किया। हलधर सीड्स से गेहूं के 10 नमूने लिए गए। मिथिला हाइब्रिड सीड में पैकिंग व्यवस्थित नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। कोसमा क्षेत्र में भी कई खाद-बीज दुकानों की जांच की गई। मां कैलाश खाद बीज भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों में मिली कमियों पर कार्रवाई की गई। तहसील सदर में एसडीएम श्वेता सिंह और उप कृषि निदेशक सुमित पटेल की टीम ने गांधी मार्केट, रेलवे रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। वहीं, अलीगंज तहसील में मनोज खाद भंडार धूमरी, राधे-राधे खाद भंडार, राधा रमण खाद बीज भंडार, शिवम बीज भंडार और मुखिया जी खाद भंडार सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। यहां अनियमितताएं मिलने पर दो दुकानों को नोटिस जारी किए गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने सभी बीज विक्रेताओं को निर्धारित दरों पर बीज बेचने, किसानों को पक्की रसीद देने तथा लाइसेंस एवं अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीज की गुणवत्ता, पैकिंग और बिक्री संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीज अधिनियम, 1966 सहित लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। बीज विक्रय प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसानों को रबी की बुवाई के लिए गुणवत्तायुक्त बीज उचित दरों पर उपलब्ध हो सकें।
रिपोर्टर : लखन यादव

No Previous Comments found.