डीएम-एसएसपी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

एटा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित दोनों ईवीएम वेयरहाउस का संयुक्त मासिक बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील मिले।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने गार्ड रूम में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटर का अवलोकन कर वेयरहाउस परिसर की गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को परिसर में दो से चार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इससे परिसर की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों और निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार जांच करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मोरल, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

रिर्पोटर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.