डीएम एम. अरुन्मोली और एसएसपी डॉ. इलामारन ने किया ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्रों का शुभारंभ

एटा : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्रों का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी देखा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट तथा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाताओं को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान मतदाता स्वयं बैलेट यूनिट के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया समझ सकेंगे तथा वीवीपैट में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करना भी जान सकेंगे। केंद्रों पर तैनात प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारी मतदाताओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान करेंगे। इसके साथ ही मोबाइल प्रदर्शन वैन और डिजिटल माध्यमों से भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी देकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

रिपोर्टर : लखन यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.