विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

 विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, चार महाविद्यालय नोडल अधिकारी के निरीक्षण में पकड़े गए

*सीटिंग प्लान में गड़बड़ी से लेकर सीसीटीवी कैमरों की कमी तक मिलीं खामियां, कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट

जलेसर- राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के तत्वावधान में आयोजित हो रही विश्वविद्यालयीय परीक्षाओं में परीक्षा व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दिए गए कड़े निर्देशों के बावजूद जलेसर क्षेत्र के चार महाविद्यालयों में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। नोडल अधिकारी ने सभी कमियों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिलाधिकारी एटा को लिखित रूप में भेजते हुए संबंधित महाविद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं परीक्षा नोडल अधिकारी डॉ. ओंकार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी एटा के स्पष्ट निर्देश थे कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ नकलविहीन संपन्न कराई जाएं। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों के संचालकों एवं महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद प्रातःकालीन औचक निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के चार महाविद्यालयों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं।निरीक्षण में परीक्षा कक्षों के सीटिंग प्लान में गड़बड़ी, प्रश्नपत्रों पर निशान पाए जाने, सीसीटीवी कैमरों की अनुपलब्धता तथा परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट के बाहर निगरानी के लिए निजी व्यक्ति को बैठाए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने में भी अनियमितता पाई गई। नोडल अधिकारी डॉ. ओंकार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए उनका लिखित विवरण तैयार किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है, ताकि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने समस्त महाविद्यालयों के प्रबंधतंत्र एवं परीक्षा व्यवस्थापकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। हर हाल में परीक्षाएं नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएंगी। अब देखना होगा कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन संबंधित महाविद्यालयों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।
 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.