सरस्वती शिशु मंदिर जलेसर में विशाल सरस्वती सभागार का भव्य लोकार्पण
सरस्वती शिशु मंदिर जलेसर में विशाल सरस्वती सभागार का भव्य लोकार्पण, भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर दिया जोर
अजय मल्होत्रा ने अपने पूज्य पूर्वजों की स्मृति में कराया सभागार का निर्माण, विद्यालय को किया समर्पित; मुख्य अतिथि डोमेश्वर साहू ने किया लोकार्पण
जलेसर- विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर जलेसर में नवनिर्मित विशाल सरस्वती सभागार का भव्य लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डोमेश्वर साहू ने सभागार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर एवं जिला समन्वयक सुरेंद्र कुमार गोला की गरिमामयी उपस्थिति रही।नवनिर्मित विशाल सरस्वती सभागार का निर्माण अजय मल्होत्रा द्वारा अपने पूज्य पूर्वजों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से कराया गया है। उन्होंने इस सभागार को विद्यालय को समर्पित कर शिक्षा, संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया। उनका यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डोमेश्वर साहू ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान है और इसे जीवंत बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। भावी पीढ़ी को भारतीय जीवन मूल्यों, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने तथा बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों के विकास का महत्वपूर्ण स्थान भी है। ऐसे सभागार विद्यालय की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेंगे।विद्यालय परिसर में निर्मित यह विशाल सरस्वती सभागार विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच बनेगा। यहां शैक्षिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश चंद्र चाहर ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से अजय मल्होत्रा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों की स्मृति में विद्यालय को समर्पित किया गया यह विशाल सरस्वती सभागार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष कैलाश चंद्र गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, पिंडारा, सेवा सिंह छाबड़ा, वेद प्रकाश वार्ष्णेय, निर्मल अग्रवाल, डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा, गिरिराज वर्मा, मुकेश राठी, एटा संकुल के प्रधानाचार्य रजनीश मिश्रा, देवेंद्र सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
शिक्षा, संस्कार और संस्कृति के संगम का प्रतीक बना सरस्वती सभागार, विद्यालय परिवार ने अजय मल्होत्रा के योगदान की सराहना की।

No Previous Comments found.