राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों की बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों की बैठक, अधिकाधिक वादों के निस्तारण पर जोर
12 दिसंबर को एटा में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अपर जिला जज कमालुद्दीन ने न्यायिक मजिस्ट्रेटों को दिए आवश्यक निर्देश
एटा- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को न्यायिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक वादों को चिह्नित कर उनका आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने पर विशेष जोर दिया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा के तत्वावधान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी कमालुद्दीन ने की। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव एवं अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) युगल चन्द्र चौधरी सहित जनपद के समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सिविल जज उपस्थित रहे।बैठक के दौरान नोडल अधिकारी कमालुद्दीन ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिह्नित किया जाए, जिससे आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो सके। इसके लिए संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान कर पक्षकारों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को कम समय और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से लंबे समय से लंबित विवादों का आपसी सहमति से समाधान संभव है। इसलिए सभी न्यायिक अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल कुमार-XI, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती सुमिता, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) जलेसर विकास कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधा शर्मा, सुभी अग्रवाल, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सत्यम सिंघल, मोहित कुमार (जलेसर), जाग्रति केशरवानी, चारू सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रगति-I सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रिपोर्ट- लखन यादव

No Previous Comments found.