श्रीलंका की खिलाड़ी को हराकर ट्विंकल यादव ने जीता अंतरराष्ट्रीय रजत पदक, एसएसपी ने किया सम्मानित
इटावा : श्रीलंका की खिलाड़ी को धूल चटाकर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स ओलंपियाड में रजत पदक हासिल करने वाली पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रतिभावान जूडो खिलाड़ी ट्विंकल यादव का आज इटावा में गौरवशाली सम्मान किया गया। लखनऊ के सीएमएस आरडीएसओ कैंपस में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग के 57 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्विंकल ने देश का मान बढ़ाया और मुकाबले में श्रीलंका की खिलाड़ी को करारी शिकस्त दी। इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ी ट्विंकल यादव को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। गत 24 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस महामुकाबले में नेपाल, भूटान, श्रीलंका और भारत के बेहतरीन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जहाँ ट्विंकल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और बेहतरीन कौशल से इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर रजत पदक पर कब्जा जमाया। महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में कोच दीक्षा अवस्थी के कड़े और अनुशासित निर्देशन में रोजाना अभ्यास करने वाली ट्विंकल की यह सफलता आज जनपद के लिए गौरव का विषय बन चुकी है। इस आत्मीय और गौरवपूर्ण सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात श्री रामगोपाल शर्मा और पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य श्री अभिषेक सक्सेना सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस होनहार खिलाड़ी की पीठ थपथपाकर उसकी इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व महसूस किया।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.