'ऑपरेशन शिकंजा' वैदपुरा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बंटी उर्फ पवन को अवैध असलहे के साथ लिया हिरासत में

इटावा - फिजाओं में आज एक बार फिर कानून का कड़ा संदेश देखने को मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के सख्त निर्देशों के तहत, थाना वैदपुरा पुलिस ने जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। इसी क्रम में,थानाध्यक्ष वैदपुरा श्री हाकिम सिंह और उनकी टीम ने क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महोला जाने वाली सड़क के पास पुलिस की टीम ने नगला देवसन निवासी बंटी उर्फ पवन (पुत्र अर्जुन सिंह) को संदिग्ध परिस्थितियों में रोका। गहन पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से बरामदगी के आधार पर मु0अ0सं0 51/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए उसे अपनी हिरासत में ले लिया है।

बता दें कि बंटी उर्फ पवन क्षेत्र का एक पुराना नाम है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड (HS संख्या 27A) रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2015 से लेकर अब तक उस पर थाना फ्रैण्डस कालोनी और थाना वैदपुरा में विभिन्न धाराओं, जैसे लूट, हत्या के प्रयास,गैंगेस्टर एक्ट,आबकारी अधिनियम,जालसाजी व हाल के बीएनएस/बीएनएसएस कानूनों के तहत कई मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष श्री हाकिम सिंह और उप-निरीक्षक श्री जय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। जिला पुलिस की यह सक्रियता जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कानून के उल्लंघन के मामलों में पुलिस ने अपनी निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई जारी रखी है।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.