एसएसपी इटावा ने कैंप कार्यालय पर फहराया तिरंगा, पुलिसकर्मियों ने दी राष्ट्रध्वज को सलामी
इटावा - देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इटावा पुलिस द्वारा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कैंप कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया। पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया।
इस अवसर पर एसएसपी श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमारे वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, शांति एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहना भी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.