4 यूपी बटालियन एनसीसी इटावा में शान से लहराया तिरंगा, कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

इटावा - देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के बटालियन परिसर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और गौरव से ओत-प्रोत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।ध्वजारोहण के उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने पूरे अनुशासन एवं गरिमापूर्ण तरीके से राष्ट्रध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। सैन्य अधिकारियों, जवानों एवं कैडेट्स ने तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त किया। इस दौरान पूरा बटालियन परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने सभी अधिकारियों, सैनिकों एवं एनसीसी कैडेट्स को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कैडेट्स को अपनी पढ़ाई के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कर्नल द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 2026 का स्वतंत्रता दिवस हमें विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और एनसीसी कैडेट्स अपने अनुशासन एवं सेवा भावना के माध्यम से समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं।
समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करने तथा देशहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश, सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), प्रशिक्षण स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं क्लर्क स्टाफ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।तिरंगे की शान और कैडेट्स का अनुशासन 4 यूपी बटालियन एनसीसी का स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल बन गया। 

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.