सेवा सेतु अभियान में पहुंचे डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

इटावा - बसरेहर गांवों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा सेतु अभियान के तहत बसरेहर में आयोजित शिविर में रविवार को उस समय खास सक्रियता नजर आई, जब जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने शिविर में मौजूद विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और काउंटरों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की जांच, उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिविर में आए ग्रामीणों से भी सीधे बातचीत कर पूछा कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जरूरत के अनुसार उसे संबंधित स्वास्थ्य सेवा और सरकारी योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

शिविर की व्यवस्थाओं में सीएससी प्रभारी विकास सचान की प्रमुख भूमिका रही। उनके साथ डा. विवेक सचान, डा. ललित, एलटी ब्रह्म कुमार, ऑप्टोमेट्रिस्ट विजय, आयुष्मान मित्र सुमित कुमार, एएनएम पुष्पा देवी सहित फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक जांच, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

सेवा सेतु अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि अभियान के माध्यम से उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक जानकारी, जांच और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

डीएम के निरीक्षण के दौरान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम और कर्मचारियों में भी सक्रियता नजर आई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

रिपोर्टर — देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.