जसवंतनगर में बिजली चेकिंग के दौरान हंगामा, चोरी पकड़ने गई विभाग की टीम के साथ अभद्रता और विरोध
इटावा : जिले में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जसवंतनगर क्षेत्र में चेकिंग करने गई विभागीय टीम ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पक्ष की ओर से विरोध शुरू हो गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और टीम के साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपखंड अधिकारी जसवंतनगर राजेश कुमार और अवर अभियंता राजेश प्रसाद के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर रही थी। चेकिंग के दौरान टीम ने पाया कि संदीप पुत्र सोवरन सिंह द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जैसे ही विभाग की टीम ने बिजली चोरी पकड़ते हुए कार्रवाई शुरू की, वैसे ही मौके पर विरोध शुरू हो गया और आरोप है कि इस दौरान टीम के शासकीय कार्य में बाधा डाली गई और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई। इस चेकिंग अभियान और प्रशासनिक कार्रवाई में अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी के साथ लाइनमैन स्टाफ के सुरेश बाबू, हरेंद्र, पवन, सुदेश और सुधीर शामिल रहे। बिजली चोरी रोकने और राजस्व नुकसान बचाने के लिए निकली टीम के साथ हुई इस अभद्रता की घटना को विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.