इटावा में अब रंगों से पहचाने जाएंगे ई-रिक्शा के रूट
इटावा - शहर की सड़कों पर ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इटावा यातायात पुलिस ने नई पहल शुरू की है। यातायात माह-2026 के तहत ई-रिक्शा कलर कोडिंग अभियान चलाकर अलग-अलग मार्गों के लिए लाल, पीले और हरे रंग के कोड निर्धारित किए गए हैं। इससे ई-रिक्शा के रूटवार संचालन में आसानी होगी और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात प्रभारी श्री संजय सिंह ने यातायात पुलिस टीम के साथ ई-रिक्शा चालकों की इच्छानुसार उनके निर्धारित रूट के अनुसार अलग-अलग रंगों के कलर कोड लगाए। अभियान का उद्देश्य ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन को व्यवस्थित करना और शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर यातायात का दबाव कम करना है।
यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा संचालन के लिए तीन प्रमुख रूट निर्धारित किए हैं। लाल रंग का रूट नंबर-01 रेलवे स्टेशन से चौधरी पम्प तिराहा, बस स्टैंड, पक्का बाग, रामलीला रोड, गाड़ीपुरा चौराहा, नगर पालिका चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, साबितगंज तिराहा, रामगंज चौराहा और तकिया तिराहा होते हुए वापस रेलवे स्टेशन तक रहेगा।
पीले रंग का रूट नंबर-02 रेलवे स्टेशन से पक्का तालाब चौराहा, सीओ सिटी चौराहा, पचराहा, टीटी तिराहा, लोहन्ना चौराहा, साईं धर्म कांटा, सरैया रोड और एसएसपी चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन तक निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त एसएसपी चौराहे से सेंट मैरी स्कूल और आईटीआई चौराहा होते हुए पीएसी तक भी इस रूट का संचालन होगा।
वहीं हरे रंग का रूट नंबर-03 रेलवे स्टेशन से भरथना चौराहा, बसरेहर रोड, विजय नगर, पचावली रोड और भरथना रोड तक निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित रूट पर ही संचालित करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस की इस पहल से शहर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के साथ ही आमजन को जाम से राहत दिलाने और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.