30 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस के जाल में फंसा रामगोपाल
इटावा - ताखा तहसील में शुक्रवार को कानपुर से आई विजिलेंस टीम ने कानूनगो रामगोपाल को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कुरखा गांव निवासी किसान नीरज उर्फ दुष्यंत से 38 डिसमिल जमीन की पैमाइश के बदले 50 हजार रुपये मांगे गए थे। किसान ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कानूनगो को उसके कार्यालय में ही दबोच लिया।
बताया गया कि किसान ने दो नवंबर को एसडीएम ताखा विजय प्रकाश मिश्रा को पैमाइश के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। आदेश जारी होने के बावजूद पैमाइश नहीं हुई। आरोप है कि कानूनगो रामगोपाल ने इसके बदले रिश्वत मांगी। बाद में 30 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शुक्रवार को किसान जैसे ही रुपये लेकर कानूनगो के कार्यालय पहुंचा और रकम उसके हाथ में दी, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की खबर फैलते ही तहसील में अफरातफरी मच गई। विजिलेंस टीम कानूनगो को ऊसराहार थाने ले गई। गिरफ्तारी के बाद एक दर्जन से अधिक किसान भी थाने पहुंचे और कानूनगो पर रुपये लेने के बावजूद काम नहीं करने के आरोप लगाए।
गौरतलब है कि कानूनगो की कार्यशैली को लेकर पिछले सप्ताह भाजपा की जिला प्रभारी बेबी रानी मौर्य के सामने भी शिकायत की गई थी। भाजपा जिला मंत्री संजू बाबू शाक्य ने जमीन की गलत पैमाइश कर कब्जा दिलाने का आरोप लगाया था। विजिलेंस निरीक्षक रामचंद्र के मुताबिक, कानूनगो को गिरफ्तार कर कानपुर ले जाया जा रहा है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद ताखा तहसील में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और किसानों की शिकायतों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.