ऑपरेशन मुस्कान का जादू: वैदपुरा पुलिस की मुस्तैदी से घरों में लौटी खोई हुई खुशियां, पुलिस टीम ने तीन लापता नाबालिगों को सकुशल तलाश कर परिजनों से मिलवाया

इटावा : जिले में खाकी का एक बेहद संवेदनशील, आत्मीय और मानवीय चेहरा सामने आया है, जहां पुलिस की मुस्तैदी ने तीन परिवारों के घरों में एक बार फिर से खुशियों के चिराग जला दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत थाना वैदपुरा पुलिस ने अपनी तत्परता और अदम्य लगन का परिचय देते हुए तीन गुमशुदा नाबालिग बालकों को सकुशल बरामद कर उनके व्याकुल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अपनों के बिछड़ने के गम में डूबे परिवारों के लिए यह पल किसी चमत्कार से कम नहीं था, जब पुलिस की टीम उनके जिगर के टुकड़ों को सही-सलामत लेकर उनके सामने खड़ी हुई।

दरअसल, जनपद की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार, 29 नवंबर 2026 को ग्राम रजमऊ, थाना वैदपुरा निवासी तीन नाबालिग बालक—करन पुत्र अशोक, किशन पुत्र अतुल कुमार और आदर्श प्रकाश पुत्र जय प्रकाश संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बच्चों के अचानक गायब होने से पूरे गांव और परिजनों में हड़कंप मच गया था और अनहोनी की आशंका से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। मामले की गंभीरता को भांपते हुए थाना प्रभारी हाकिम सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में थाना वैदपुरा पुलिस ने बिना एक पल गंवाए तत्काल सघन तलाशी अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी हाकिम सिंह  की सटीक रणनीति और उपनिरीक्षक श्री जय सिंह के साथ आरक्षी विपिन कुमार, आरक्षी विनय कुमार और महिला आरक्षी माधुरी शर्मा की टीम ने अथक प्रयास और अपनी सूझबूझ से तीनों बालकों को सकुशल ढूंढ निकाला।
जैसे ही पुलिस टीम तीनों बच्चों को लेकर थाने पहुंची और उन्हें उनके माता-पिता के हवाले किया, वहां का माहौल बेहद भावुक हो गया। अपने लाडलों को सीने से लगाते ही परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। इस सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों ने वैदपुरा पुलिस की त्वरित कार्यशैली, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है। पुलिस की इस शानदार सफलता ने आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना को और भी अधिक मजबूत कर दिया है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.