फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र को मिली 'पावर' की नई संजीवनी: भरथना चौराहा फीडर हुआ उर्जिकृत

इटावा - फ्रेंड्स कॉलोनी प्रथम विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में विभाग ने आज एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत स्वीकृत और बहुप्रतीक्षित '11kv भरथना चौराहा' नामक नए फीडर का निर्माण कार्य पूर्ण कर आज दोपहर ठीक 2:50 बजे इसे सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान अवर अभियंता फ्रेंड्स कॉलोनी, उपखंड अधिकारी तृतीय और विभागीय टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे, जिनकी देखरेख में नई लाइन को सिस्टम से जोड़ा गया।

अशोक नगर फीडर पर लंबे समय से ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण अक्सर ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस नए फीडर के अस्तित्व में आने से अशोक नगर फीडर का लगभग 120 एम्पीयर लोड कम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के करीब 1100 उपभोक्ताओं को अब बिना किसी बाधा के निर्बाध बिजली की सुविधा मिल सकेगी। विद्युत विभाग का यह कदम न केवल तकनीकी सुधार है, बल्कि हजारों घरों के लिए बड़ी राहत का पैगाम भी है। तकनीकी रूप से इस नवनिर्मित फीडर पर क्षेत्र के 10 महत्वपूर्ण वितरण परिवर्तकों (ट्रांसफार्मर) का भार डाला गया है। इसमें चांदमियां क्षेत्र के 400 केवीए के दो और 100 केवीए का एक ट्रांसफार्मर, बंगाली बाबा और आश्रम मार्ग के 100 केवीए के ट्रांसफार्मर, साथ ही शेष कोल्ड स्टोरेज परिसर के 400, 250 और 100 केवीए के तीनों ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लोहपिटा क्षेत्र और विशाल मेगा मार्ट के 250 केवीए के परिवर्तक को भी अब इसी नए फीडर से जोड़ दिया गया है। लोड के इस बेहतर वितरण से अब पूरे इलाके में बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा और भविष्य में आने वाले तकनीकी फाल्ट्स की संभावना भी न्यूनतम हो जाएगी। 

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.