इटावा पुलिस का 'जागरूकता शंखनाद'—वैदपुरा के ग्राम सोनई की महिलाओं को बनाया सुरक्षा का सारथी
इटावा : मुख्यमंत्री जी के विजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में इटावा पुलिस आज नारी शक्ति की सुरक्षा के लिए जमीन पर उतरी है। थाना वैदपुरा पुलिस ने ग्राम सोनई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के जरिए 'मिशन शक्ति फेज-5' के दूसरे चरण का बिगुल फूंक दिया। यहाँ की महिलाओं को न केवल उनके कानूनी अधिकारों का एहसास कराया गया, बल्कि उन्हें सुरक्षा के उन 'जादुई नंबरों' से भी लैस किया गया जो किसी भी विपदा में उनके लिए ढाल बनेंगे।
पुलिस टीम ने साफ लहजे में समझाया कि आज की नारी न तो अबला है और न ही अकेली। यदि संकट सामने हो तो 1090 की वूमेन पावर लाइन, 112 की आपातकालीन सेवा, 1098 की चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 जैसी सहेलियां उनके एक फोन कॉल की दूरी पर हैं। इतना ही नहीं, पुलिस ने डिजिटल दौर के नए खतरों यानी साइबर अपराधियों के खिलाफ भी महिलाओं को जागरूक करते हुए कड़ा संदेश दिया। उन्हें चेताया गया कि अपना ओटीपी किसी अनजान से साझा न करें और अज्ञात लिंक पर क्लिक करने की भूल कतई न करें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी सावधानी ही आपकी मेहनत की कमाई की रक्षा करेगी।
कार्यक्रम के दौरान जब पुलिस ने अपने हाथों से जागरूकता पम्पलेट बांटे, तो ग्रामीणों के चेहरे पर सुरक्षा का एक नया भरोसा नजर आया। इटावा पुलिस का यह अभियान महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर बैठी महिला को सशक्त और स्वावलंबी बनाने की एक बड़ी क्रांति है। अब सोनई की हर बेटी और हर महिला जानती है कि उसकी सुरक्षा के लिए खाकी हर पल मुस्तैद है।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.