बेटियों की सुरक्षा और नारी स्वाभिमान की गूँज: इटावा पुलिस ने रजमऊ में फूँका 'मिशन शक्ति' का शंखनाद
इटावा : मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में इटावा पुलिस नारी सुरक्षा और स्वावलंबन के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। इसी कड़ी में थाना वैदपुरा पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण को एक जन-आंदोलन का रूप देते हुए ग्राम रजमऊ स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विद्यालय के प्रांगण में जुटी महिलाओं और छात्राओं के बीच पुलिस टीम ने न केवल सुरक्षा का भरोसा जगाया, बल्कि उन्हें आधुनिक दौर के खतरों से लड़ने के लिए सूचनाओं के शस्त्र से भी लैस किया।
थाना वैदपुरा प्रभारी निरीक्षक (SO) नगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी ही आत्मीयता के साथ ग्रामीण महिलाओं को बताया कि संकट के समय वे कभी भी खुद को अकेला न समझें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिला पावर लाइन 1090 से लेकर पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की शक्ति समझाई। प्रभारी निरीक्षक नगेन्द्र सिंह ने साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए महिलाओं को समझाया कि कैसे एक अनजान लिंक पर क्लिक करना या ओटीपी साझा करना आपकी जमापूंजी के लिए खतरा बन सकता है।
ग्रामीण परिवेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जागरूकता पम्फलेट्स का वितरण भी किया गया, ताकि सुरक्षा के ये मंत्र हर घर की चौखट तक पहुँच सकें। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के गुर सिखाते हुए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि "सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।" वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशों पर चल रहा इटावा पुलिस का यह निरंतर अभियान न केवल अपराधियों में खौफ पैदा कर रहा है, बल्कि थाना वैदपुरा क्षेत्र की महिलाओं और छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास का एक नया संचार कर रहा है।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह


No Previous Comments found.