पुलिस परिवारों की सेहत को समर्पित 'वामा सारथी' की अनूठी पहल:

इटावा - खाकी की कठोर ड्यूटी के बीच उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए आज इटावा पुलिस ने संवेदनशीलता की एक नई मिसाल पेश की है। रिज़र्व पुलिस लाइन के परिसर में 'वामा सारथी' (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के बैनर तले एक भव्य 'वामा वेलनेस कैंप' का आयोजन किया गया, जिसने पुलिस महकमे में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर की कमान श्रीमती रीना श्रीवास्तव (अध्यक्षा, वामा सारथी एवं धर्मपत्नी एसएसपी इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव) ने संभाली। उनकी दूरदर्शी सोच और नेतृत्व के चलते आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इस शिविर में अपनी सेवाएं दीं। यह आयोजन केवल एक चिकित्सा शिविर मात्र नहीं था, बल्कि उन पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता का भाव था जो दिन-रात जनता की सेवा में समर्पित रहते हैं। शिविर के दौरान वातावरण में उत्साह और अपनेपन का भाव देखा गया। आयुष विभाग के अनुभवी डॉक्टरों ने न केवल पुलिसकर्मियों बल्कि उनके परिजनों, बच्चों और बुजुर्गों का भी बेहद आत्मीयता के साथ स्वास्थ्य परीक्षण किया। होम्योपैथी की उपचार पद्धति पर केंद्रित इस शिविर में रोगों के निदान के साथ-साथ जीवनशैली में सुधार के गुर भी सिखाए गए। परामर्श के बाद सभी लाभार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली होम्योपैथिक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग ने इस कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। उपस्थित पुलिस परिवारों ने इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की, क्योंकि अक्सर व्यस्त दिनचर्या के कारण ये जवान अपने स्वयं के स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। आज का यह 'वामा वेलनेस कैंप' स्वास्थ्य, सुरक्षा और सेवा के अद्भुत संगम के रूप में याद किया जाएगा।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.