खाकी ने जीता जनता का दिल, तपती सड़क पर देवदूत बनी वैदपुरा पुलिस
इटावा : आसमां से बरसती आग और थपेड़े मारती जानलेवा लू के बीच आज इटावा-मैनपुरी हाईवे पर इंसानियत और आत्मिक सुकून की एक ऐसी भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई जिसने हर किसी की आंखें नम और दिल को अंदर तक छू लिया। इस भीषण और असहनीय गर्मी में जब लोग अपने घरों से निकलने में भी कतरा रहे हैं, तब वैदपुरा थाना परिसर के बाहर खाकी वर्दी का एक ऐसा अद्भुत, ममतामयी और संवेदनशील रूप देखने को मिला जिसे देखकर राहगीरों का दिल भर आया। वैदपुरा थाना प्रभारी नगेंद्र चौधरी और उनके हमराह अनुज कुमार व विपिन कुमार ने अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर आज कर्तव्य से ऊपर उठकर इंसानियत का वो फर्ज निभाया जिसकी गूंज पूरे जिले में गूंज रही है।
तपती धूप में झुलसते और प्यास से बेहाल होकर सड़क से गुजरने वाले मुसाफिरों, बेबस राहगीरों और नन्हे-मुन्ने बच्चों को जब पुलिस टीम ने रोक-रोकर अपने हाथों से अमृत रूपी ठंडी-ठंडी ठंडाई परोसी, तो लगा जैसे इस तपते रेगिस्तान में अचानक कोई ठंडी छांव मिल गई हो। चिलचिलाती धूप में प्यास से सूखते कंठ को जब खाकी के हाथों यह शीतल और मधुर पेयजल मिला, तो राहगीरों के चेहरों पर जो असीम संतोष और आत्मसंतुष्टि की मुस्कान बिखरी, उसने वहां मौजूद हर दिल को एक आत्मिक आनंद और गहरी आत्मीयता से भर दिया। प्यास बुझने के बाद बुजुर्गों और महिलाओं के उठे हाथ और उनकी आंखों से छलकी दुआएं साफ बयां कर रही थीं कि जनता और पुलिस का रिश्ता सिर्फ कानून का नहीं बल्कि अटूट मानवीय संवेदनाओं का होता है। वैदपुरा पुलिस के इस बेहद भावुक, नेक और दिल को छू लेने वाले सेवा भाव की चारों तरफ भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है और लोग मुक्त कंठ से खाकी के इस देवदूत रूप को सलाम कर रहे हैं।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.