मैनपुरी के शातिर 'सुपरचोर' को इटावा पुलिस ने दबोचा

इटावा :  उत्तर प्रदेश के इटावा में सैफई पुलिस ने एक ऐसी बड़ी और सनसनीखेज कामयाबी हासिल की है, जिसने अंतर्राज्यीय/अंतरजनपदीय अपराधियों की कमर तोड़ कर रख दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कड़े निर्देशन और आला अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में सैफई पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर मैनपुरी के एक बेहद शातिर और खूंखार हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से न सिर्फ चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश हुआ है, बल्कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप को भी बाजार में खपाए जाने से पहले ही जब्त कर लिया गया है।
मामला तब गरमा गया जब 1 जून 2026 को सैफई पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली एक सटीक और गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुर्रा की तरफ जाने वाली पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को जवानों ने मुस्तैदी से दबोच लिया। जब पकड़े गए शख्स की अमली-जामा तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। शातिर के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत का 20 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा छिलका बरामद हुआ। इतना ही नहीं, जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह भी चोरी की निकली, जिसे पुलिस काफी समय से तलाश रही थी।
पकड़े गए इस शातिर अपराधी की पहचान अजय कुमार उर्फ छोटू पुत्र सत्यराम के रूप में हुई है, जो मैनपुरी के कुर्रा इलाके का रहने वाला है। जब पुलिस ने इस आरोपी की कुंडली खंगाली, तो चौंकाने वाले सच सामने आए। महज़ 28 साल की उम्र में अजय कुमार अपराध की दुनिया का एक बड़ा नाम बन चुका है, जिसके खिलाफ मैनपुरी और इटावा के अलग-अलग थानों में गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास (307), लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे संगीन अपराधों के 15 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं। वह इलाके में एक आदतन अपराधी के तौर पर सक्रिय था और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली सैफई पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह राठी के साथ उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, हेड कांस्टेबल मानवेन्द्र, और कांस्टेबल रोहित तोमर व अनुराग कुमार शामिल रहे, जिनकी जांबाजी की अब चारों तरफ सराहना हो रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और अब उसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.