इटावा पुलिस लाइन में जब पिताओं की ‘खाकी’ पर चमका बच्चों की कामयाबी का सितारा
इटावा : आज इटावा पुलिस लाइन का डीटीयू सभागार एक ऐसे ऐतिहासिक और भावुक पल का गवाह बना, जिसकी गूंज लखनऊ मुख्यालय तक सुनाई दी। मौका था उन जांबाजों के बच्चों के सम्मान का, जो दिन-रात जनता की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। वामा सारथी जनपद इटावा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में जब मुख्य आरक्षी श्याम सिंह के बेटे संजीव और मुख्य आरक्षी उदय राज सिंह के बेटे अग्निवेश सिंह को मंच पर बुलाया गया, तो हॉल में मौजूद हर शख्स की आंखें गर्व से नम हो गईं। वामा सारथी की अध्यक्ष श्रीमती रीना श्रीवास्तव, श्रीमती वंदना शर्मा और क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुश्री आयुषी सिंह ने इन होनहारों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार थमाकर सम्मानित किया। यह पल सिर्फ एक पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि एक पिता के त्याग और बेटे की कड़ी मेहनत की जीत का जश्न बन गया, जहाँ अधिकारियों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस शानदार और गरिमामयी समारोह में रोमांच और जिम्मेदारी का रंग तब और गहरा हो गया, जब कामयाबी के इस जश्न को प्रकृति की सुरक्षा से जोड़ दिया गया। “वामा ईको चैंप्स” अभियान के तहत इन मेधावी बच्चों ने जब एक सुर में पर्यावरण और जल संरक्षण की शपथ ली, तो पूरा माहौल एक नई ऊर्जा से भर गया। अधिकारियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए समझाया कि वे देश का भविष्य हैं और धरती मां को हरा-भरा रखना अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सफलता के इस मंच से उठी पर्यावरण सुरक्षा की यह गूंज, वहां मौजूद हर दिल में एक नया संकल्प और कभी न भूलने वाली याद छोड़ गई।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.