खेड़ा नहर पुल के पास रास्ता भटके मासूम नितिन के लिए देवदूत बनी वैदपुरा पुलिस

इटावा - पुलिस का 'ऑपरेशन मुस्कान': खेड़ा नहर पुल के पास रास्ता भटके मासूम नितिन के लिए देवदूत बनी वैदपुरा पुलिस दिल को झकझोर देने वाली दास्तां.. सुनसान राह पर अकेले बढ़ रहे थे 13 साल के नितिन के कदम,लेकिन मुस्तैद वैदपुरा पुलिस टीम ने समय रहते संभाला मोर्चा, तो भाई के गले लगकर फूट-फूट कर रो पड़ा मासूम उत्तर प्रदेश के जनपद इटावा से आज एक ऐसी भावुक और दिल को झकझोर  देने वाली खबर सामने आई है, जिसने न सिर्फ पुलिस महकमे का सर फख्र से ऊंचा कर दिया है बल्कि इंसानियत की एक बेमिसाल इबारत भी लिख दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में गुमशुदा और रास्ता भटके बच्चों को उनके अपनों से मिलाने के लिए चलाए जा रहे बेहद संवेदनशील 'ऑपरेशन मुस्कान' अभियान के तहत आज थाना वैदपुरा पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक मासूम का जीवन अंधकार में डूबने से बचा लिया।

पूरा मामला थाना वैदपुरा क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा नहर पुल के पास का है जहां मिशन शक्ति की टीम रूटीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही थी। इसी दौरान चिलचिलाती धूप और सुनसान रास्ते पर टीम के जांबाज सिपाहियों की नजर एक महज 13 वर्ष के नाबालिग बालक पर पड़ी, जो बेहद सहमा हुआ और घबराया हुआ अकेले पैदल चला जा रहा था। निर्जन राह पर बच्चे को इस हाल में देखकर मिशन शक्ति टीम तुरंत दौड़कर उस बच्चे के पास पहुंची। टीम के सदस्यों ने अपनी ममतामयी और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए बच्चे को दुलारा, उसे पानी पिलाया और जब उसका डर थोड़ा कम हुआ तो उससे पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान उस मासूम ने रोते हुए अपना नाम नितिन निवासी ग्राम सैदपुर बताया। बच्चे ने सिसकते हुए पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े भाई शिवम के साथ रहता है, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वह अपने घर का मार्ग पूरी तरह भूल चुका है और उसे समझ नहीं आ रहा कि वह कहां जाए। बच्चे की यह दर्दभरी दास्तां सुनकर पुलिसकर्मियों ने मामले की कमान तुरंत थानाध्यक्ष वैदपुरा श्री नागेन्द्र चौधरी को सौंपी। थानाध्यक्ष श्री नागेन्द्र चौधरी ने बिना एक पल की भी देरी किए 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत बच्चे को उसके परिवार से मिलाने के लिए तुरंत उपनिरीक्षक आलमगीर,कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल नितिन कुमार तथा महिला कांस्टेबल ईशू की एक जांबाज पुलिस टीम का गठन कर दिया। थानाध्यक्ष श्री नागेन्द्र चौधरी के कुशल निर्देशन में गठित इस विशेष टीम के सदस्यों—उपनिरीक्षक आलमगीर, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल नितिन कुमार और महिला कांस्टेबल ईशू—ने तत्काल धरातल पर मोर्चा संभाला और पूरे इलाके में सघन पतारसी-सुरागरसी का अभियान छेड़ दिया। पुलिस की इस तत्परता और खोजी नजरों ने कमाल कर दिखाया और महज कुछ ही घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बालक नितिन के बड़े भाई शिवम पुत्र कन्हैयालाल निवासी ग्राम सैदपुर थाना वैदपुरा जनपद इटावा को सफलतापूर्वक खोज निकाला। जैसे ही पुलिस की गाड़ी उस मासूम नितिन को लेकर उसके गांव पहुंची और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके भाई शिवम के सुपुर्द किया गया, तो वहां का नजारा बेहद भावुक हो गया। अपने खोए हुए भाई को बिल्कुल सही-सलामत और महफूज देखकर शिवम की आंखों से आंसुओं का सैलाब बह निकला और उसने अपने छोटे भाई को सीने से लगा लिया।

अपने जिगर के टुकड़े को दोबारा अपनी बाहों में पाकर परिजनों का कलेजा भर आया और उन्होंने भरे गले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा थाना वैदपुरा की मिशन शक्ति टीम को कोटि-कोटि धन्यवाद देते हुए उनके प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। इस बेहद रोमांचक और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देकर पूरे इलाके में वाहवाही लूटने वाली इस जांबाज टीम की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के कारण आज एक हंसता-खेलता परिवार दोबारा मुस्कुरा उठा और इलाके में हर कोई वैदपुरा पुलिस के इस मानवीय चेहरे को सलाम कर रहा है।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.