सुरक्षा, सम्मान और विश्वास का महासंगम, वैदपुरा में 'बहू-बेटी सम्मेलन' से गूंजा महिला सशक्तिकरण का संकल्प

इटावा :  इटावा की धरती पर आज एक बार फिर नारी शक्ति का शंखनाद हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में थाना वैदपुरा में आयोजित 'बहू-बेटी सम्मेलन' केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए एक नया सवेरा बनकर आया। इस आयोजन में थाना एएचटी और थाना वैदपुरा की मिशन शक्ति टीम ने जब बेटियों , माताओं , बहनों और बहुओं के बीच पहुंचकर संवाद किया, तो भय की बेड़ियां टूटती नजर आईं और विश्वास के नए रिश्ते कायम हुए।

उपनिरीक्षक रफीक अहमद, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार शुक्ला और आरक्षी सन्तोष कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को पूरी तरह मिटा दिया। मंच से गूंजती आवाजें सिर्फ कानून के पन्नों की नहीं, बल्कि आत्म-सम्मान की थीं। पुलिस की टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव और साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 और 1098 को एक सुरक्षा कवच के रूप में समझाते हुए उन्होंने हर महिला को भरोसा दिलाया कि आप अब कभी अकेली नहीं हैं।
सम्मेलन का वातावरण उस समय और भी भावुक हो उठा जब आत्मनिर्भरता की चर्चा हुई। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानियों को साझा किया, जिससे वहां बैठी हर युवती को अपने सपनों को साकार करने की हिम्मत मिली। इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र की समर्पित टीम ने न केवल स्वास्थ्य और स्वच्छता के टिप्स दिए, बल्कि हर बेटी के मन में यह विश्वास जगाया कि जीवन का हर निर्णय सूझबूझ और अपनों के साथ साझा करके लेना ही सबसे बड़ी बुद्धिमत्ता है।
इटावा पुलिस की यह पहल साबित करती है कि सुरक्षा का अर्थ सिर्फ कानून लागू करना नहीं, बल्कि हर बहूओ -बेटीयो को यह अहसास कराना है कि पुलिस उनका सबसे बड़ा सुरक्षा घेरा है। उपनिरीक्षक रफीक अहमद, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार शुक्ला, आरक्षी सन्तोष कुमार और वैदपुरा मिशन शक्ति टीम का यह समर्पण इटावा की महिलाओं के लिए एक नई शक्ति बनकर उभरा है। अब इटावा की हर गली और मोहल्ला इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है कि—सुरक्षित है हमारी बहू-बेटी, तो सुरक्षित है हमारा आज कल।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.