इटावा में बालश्रम के खिलाफ पुलिस और प्रशासन सख्त, 5 बच्चों को कराया गया मुक्त
इटावा : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में बालश्रम, मानव तस्करी और भिक्षावृत्ति के खिलाफ एक बड़ा जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के रेलवे स्टेशन, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप और विभिन्न दुकानों पर सघन छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम को 5 बच्चे बालश्रम करते हुए मिले, जिन्हें मौके से रेस्क्यू किया गया और नियमानुसार उनके संरक्षकों को सौंप दिया गया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध है। दुकानदारों को हिदायत दी गई कि यदि दोबारा किसी भी दुकान पर बाल श्रमिक पाए गए, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी विधिक कार्यवाही की जाएगी।
अभियान के दौरान प्रभारी एएचटी (AHT) ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। साथ ही, आमजन से यह भी आग्रह किया गया कि यदि उन्हें कहीं भी कोई बच्चा चाय, होटल या ढाबों पर काम करता दिखे, तो उसे न केवल रोकें, बल्कि तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।
लोगों को जागरूक करने के लिए पम्फलेट और पोस्टर भी बांटे गए। इस दौरान उन्हें विभिन्न आपातकालीन सेवाओं जैसे चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), पुलिस सहायता (112), साइबर हेल्पलाइन (1930) के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण नंबरों (1090, 181, 1076, 102, 108) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अभियान में नायब तहसीलदार भरथना, श्रम विभाग की टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन वर्कर और एएचटी थाना पुलिस बल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.