विश्व सिंह दिवस पर इटावा सफारी पार्क में दिखी वन्यजीव संरक्षण की अनूठी तस्वीर, बच्चों ने दिया प्रकृति बचाने का संदेश

इटावा :  विश्व सिंह दिवस के अवसर पर इटावा सफारी पार्क में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वन्यजीवों के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और संरक्षण का सुंदर संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सहभागिता कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पानकुवर स्कूल के प्रिंसिपल कैलाश यादव के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न जंगली जानवरों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने न केवल उपस्थित लोगों का मन मोहा, बल्कि वन्यजीवों और प्रकृति के प्रति संवेदनशील होने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वन्यजीव और पर्यावरण केवल हमारी प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमानत भी हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। बच्चों में बचपन से ही प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति प्रेम एवं संवेदनशीलता विकसित करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को “वन्यजीव बचाएं, प्रकृति बचाएं और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित बनाएं” का संदेश दिया गया। इटावा पुलिस ने भी जनपदवासियों से वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण में सहभागी बनने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

रिपोर्टर :  देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.