मिशन शक्ति की पहल से बचा परिवार, रूठे पति-पत्नी फिर हुए एक

इटावा - परिवार में चल रहे विवाद ने जब पति-पत्नी के रिश्ते में दूरियां बढ़ाईं तो इटावा पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने संवेदनशीलता और समझदारी से पहल करते हुए न सिर्फ विवाद का समाधान कराया, बल्कि एक परिवार को बिखरने से भी बचा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सिविल लाइन की मिशन शक्ति टीम ने यह सराहनीय कार्य किया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कृष्णा पुरुष कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद दोनों को थाने लाकर मामले की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक काउंसलिंग की गई।

महिला पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और उन्हें वैवाहिक जीवन में आपसी विश्वास, सामंजस्य, सम्मान और पारिवारिक जिम्मेदारियों के महत्व को समझाया। काउंसलिंग के दौरान दोनों ने एक-दूसरे की भावनाओं और परिस्थितियों को समझा तथा अपने मतभेद दूर कर भविष्य में आपसी सौहार्द के साथ रहने पर सहमति जताई।

मिशन शक्ति टीम की संवेदनशील काउंसलिंग रंग लाई और पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो गया। दोनों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया। परिवार को टूटने से बचाने में पुलिस की इस पहल पर दोनों पक्षों ने मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया। इटावा पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ-साथ पारिवारिक विवादों का संवेदनशील, शांतिपूर्ण और प्रभावी समाधान भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस लगातार ऐसे मामलों में संवाद और काउंसलिंग के जरिए परिवारों को बचाने का प्रयास कर रही है।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.