मिशन शक्ति के तहत सिविल लाइन पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक

इटावा :  महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर इटावा पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जन-जन तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने पंचशील चौकी क्षेत्र स्थित सर मदनलाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्हें बताया गया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की मदद लें।
निरीक्षक कण्व कुमार मिश्रा, प्रभारी थाना सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन की जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 एवं 108 के संबंध में भी जागरूक किया गया।
साइबर अपराध से बचाव के बताए जरूरी तरीके
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को सावधान करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सतर्कता बरतें।
सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान निजी जानकारी साझा न करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह भी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूकता पम्पलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने संदेश दिया कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है। इटावा पुलिस महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.